यूक्रेन का दावा, रूसी हमले में 198 लोगों की मौत, 1000 से अधिक हुए घायल

0 117

रूस की ओर से यूक्रेन पर किए गए हमले में 198 लोगों की मौत हुई है जबकि 1000 से अधिक लोग घायल हुए हैं। यूक्रेन के स्वास्थ्य मंत्री ने यह दावा किया है।

स्वास्थ्य मंत्री विक्टर ल्याशको ने शनिवार को बताया कि मरने वालों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। हालांकि, उनके बयान से यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि मारे गए लोगों में जवान और नागरिक दोनों शामिल हैं या नहीं।

उन्होंने कहा कि गुरुवार को बड़े पैमाने पर हवाई और मिसाइलों के जरिए हुए हमलों में उत्तर, पूर्व और दक्षिण से यूक्रेन में 33 बच्चों सहित 1115 लोग घायल हुए हैं। वहीं, रूस की सेना ने कहा है कि उसने यूक्रेन के सैन्य ठिकानों पर क्रूज मिसाइलों से हमला किया है। रूसी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता मेजर जनरल इगोर कोनाशेनकोव ने शनिवार को कहा कि सेना ने लंबी दूरी की कलिब्र क्रूज मिसाइलों से कई यूक्रेनी सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमला किया।

उन्होंने कहा कि गुरुवार को रूस के हमले की शुरुआत के बाद से सेना ने यूक्रेन के 821 सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है, जिसमें 14 हवाई अड्डे और 19 सैन्य कमान केंद्र भी शामिल हैं। इसके साथ ही 24 वायु रक्षा मिसाइल प्रणाली, 48 रडार, सात युद्धक विमान, सात हेलीकॉप्टर, नौ ड्रोन, 87 टैंक और आठ सैन्य जहाजों को नष्ट कर दिया है।

कोनाशेनकोव ने यह नहीं बताया कि यूक्रेन के कितने सैनिक मारे गए और रूसी पक्ष में किसी के हताहत होने का भी उल्लेख नहीं किया। यूक्रेन ने भी दावा किया है कि उसकी सेना ने हजारों रूसी सैनिकों को मार डाला है। दोनों देशों में से किसी के दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.