पैगंबर विवाद के बाद हैकरों ने भारत के खिलाफ छेड़ा साइबर युद्ध, 2 हजार वेबसाइटें हैक; नूपुर शर्मा की जानकारी लीक की

0 103

भाजपा की निलंबित प्रवक्ता नूपुर शर्मा की पैगंबर मोहम्मद पर की गई कथित अपमानजनक टिप्पणी के बाद मलेशिया और इंडोनेशिया के हैकर्स ने भारत के खिलाफ साइबर युद्ध छेड़ दिया। अहमदाबाद पुलिस की अपराध शाखा ने शुक्रवार को ये जानकारी दी।

पुलिस ने कहा कि हैकर समूह ड्रैगन फोर्स मलेशिया और हैक्टिविस्ट इंडोनेशिया ने भारत के खिलाफ साइबर हमले शुरू किए। इसके अलावा इन हैकर ग्रुप ने दुनिया भर के मुस्लिम हैकरों से भारत पर साइबर हमले शुरू करने की अपील की थी।

अहमदाबाद की साइबर अपराध टीम के अधिकारियों ने हैकर समूहों के खिलाफ लुकआउट नोटिस के लिए मलेशियाई और इंडोनेशियाई सरकारों और इंटरपोल को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि ठाणे पुलिस, आंध्र प्रदेश पुलिस और असम में एक समाचार चैनल सहित दो हजार से अधिक वेबसाइटों को हैक किया गया। एक लाइव ब्रॉडकास्ट के दौरान, समाचार चैनल की स्क्रीन डार्क हो गई और उस पर पाकिस्तानी झंडा दिखाई देने लगा। इसके अलावा चैनल के निचले बैंड पर एक टेक्स्ट लिखा दिखाई दिया। इसमें लिखा था, “पवित्र पैगंबर हजरत मुहम्मद S.A.W” का सम्मान करें।

मामले के बारे में जानकारी देते हुए अहमदाबाद पुलिस के साइबर क्राइम के डीसीपी अमित वसावा ने बताया, “मलेशिया और इंडोनेशिया के हैकिंग ग्रुप के कु्छ हैकर्स की जानकारी हमने निकाली है। उनके IP की जानकारी भी निकाली गई है। इन लोगों ने 2 हजार से ज्यादा हैकिंग किए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।” उन्होंने कहा, “हैकर समूहों द्वारा 2 हजार से अधिक वेबसाइटों को हैक किया गया। अहमदाबाद साइबर अपराध ने मलेशियाई और इंडोनेशियाई सरकारों को पत्र लिखा है और इंटरपोल को दोनों समूहों के लिए लुकआउट नोटिस जारी करने के लिए भी लेटर भेजा है।”

इंडिया टूडे की रिपोर्ट के मुताबिक साइबर अपराधियों ने नूपुर शर्मा के एड्रेस सहित उनकी पर्सनल डिटेल को भी ऑनलाइन प्रसारित किया है। कई लोगों के आधार कार्ड और पैन कार्ड की डिटेल भी ऑनलाइन लीक हो गई है। नूपुर शर्मा की टिप्पणियों ने एक वैश्विक विवाद को जन्म दिया था। कई देशों ने उनकी टिप्पणियों की निंदा की थी। इसके बाद बड़े पैमाने पर विरोध हुआ और अरब देशों की सुपरमार्केट से भारतीय उत्पादों का बहिष्कार किए जाने की खबर भी सामने आई थी। विवाद के बाद भाजपा ने उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.